धनबाद(DHANBAD): जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्मी डीह में रैयती जमीन को गैर आबाद बताकर उस पर अवैध कब्जा करने का गंभीर मामला सामने आया है। कुर्मी डीह निवासी अख्तर अंसारी ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि कुछ दबंग किस्म के लोग उनकी जमीन पर जबरन पहुंचे, बाउंड्रीवाल तोड़ दी और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग भी की गई।
अख्तर अंसारी ने मीडिया को बताया कि जिस जमीन को कुछ लोग गैर आबाद बताकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, वह जमीन पूरी तरह रैयती है। उन्होंने कहा कि पूर्व में गोविंदपुर अंचलाधिकारी द्वारा अपर समाहर्ता को भेजे गए पत्र में भी स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि उक्त जमीन रैयती श्रेणी की है और आज भी उसका नियमित रूप से रसीद कट रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर जमीन पर अवैध कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं।
पीड़ित का आरोप है कि दबंगों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है ताकि वह जमीन खाली कर दें। हाल ही में आरोपियों ने जबरन जमीन को खाली कराने का प्रयास किया, जिसका विरोध करने पर मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना से पीड़ित और उसका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
अख्तर अंसारी ने बताया कि पूरे मामले को लेकर उन्होंने धनबाद के एसएसपी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाती है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

