
धनबाद(DHANBAD): पावन रामनवमी के अवसर पर धनबाद पूरी तरह राममय हो उठा, और इस भव्य आयोजन के केंद्र में रहे झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा, जिन्होंने शहर के कई अखाड़ा समितियों में पहुंचकर उत्सव की ऊर्जा को नई ऊंचाई दी।
सारायढेला बाईपास से लेकर बाबूडीह जिला स्कूल मैदान, कबाड़ी पट्टी अखाड़ा दल, पुलिस लाइन मयरापाड़ा अखाड़ा दल, हीरापुर हटिया और धनबाद स्टेशन तक—हर स्थान पर विधायक सिन्हा की उपस्थिति ने माहौल को और अधिक जोशपूर्ण बना दिया।
विश्व हिंदू परिषद की ओर से धनबाद स्टेशन और बजरंग दल द्वारा केंदुआ में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर विधायक सिन्हा ने न केवल मंच साझा किया, बल्कि स्वयं तलवार और दंड भांजकर युवाओं के उत्साह को दोगुना कर दिया।
पाण्डरपाला पांडव दल अखाड़ा में समिति सदस्यों ने विधायक श्री सिन्हा को पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया, प्रताप दल (पुराना बाजार), शिवपुरी भूली, गोपालीचक, पुटकी बाजार, बैंक मोड़ और बरमसिया जैसे क्षेत्रों में विधायक श्री सिन्हा का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह उन्हें पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया, जो जनता के अपार स्नेह और समर्थन का प्रतीक है।
विधायक सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“रामनवमी केवल पर्व नहीं, यह हमारी आस्था, शक्ति और एकता का प्रदर्शन है। जो समाज अपने धर्म और संस्कृति के प्रति सजग रहता है, वही मजबूत और आत्मनिर्भर बनता है।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
धनबाद की सड़कों पर गूंजते जय श्रीराम के उद्घोष के बीच यह रामनवमी ऐतिहासिक और अभूतपूर्व रही।
इस अवसर पे नवल साव, प्रकाश मिश्रा, धर्मेंद्र सोनकर, मनोज सिंह भीमलाल प्रजापति, डा गंगा प्रसाद, पंकज सिन्हा, शंकर पंडित, मनोज पंडित, हुल्लास दास, दिलीप पंडित, मनोहर महतो, विवेक कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

