धनबाद(DHANBAD): धनबाद से एक सराहनीय खबर सामने आई है, जहां समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में 163 यूनिट रक्त दान हुआ।
धनबाद के जागजीवन नगर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुख्य शाखा द्वारा रविवार को एक भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह आयोजन संस्थान की पूर्व प्रमुख दादी जानकी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक) अरविंद कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक शंकर कामती, आईएमए अध्यक्ष डॉ. बीएन गुप्ता और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. वीके पांडे सहित कई गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, धनबाद के ब्लड बैंक के सहयोग से कुल 163 यूनिट रक्तदान किया गया।
संस्थान इस दिन को वैश्विक आध्यात्मिक जागृति दिवस के रूप में भी मनाता है। मौके पर सीआईएसएफ कमांडेंट प्रदीप कुमार विश्वकर्मा ने भी लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
शिविर में नि:शुल्क नेत्र जांच की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
निश्चित रूप से इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मानवता की सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

