धनबाद में चापानल में जहर डालने का आरोप, पीड़िता बोली— थाना नहीं दर्ज कर रहा शिकायत…

धनबाद में चापानल में जहर डालने का आरोप, पीड़िता बोली— थाना नहीं दर्ज कर रहा शिकायत…

धनबाद(DHANBAD): जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के भेड़ल गांव में चापानल के पानी में जहर मिलाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चापानल का पानी पीने और उपयोग करने से मां-बेटी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, लेकिन थाना में शिकायत देने के बावजूद पुलिस अब तक मामला दर्ज नहीं कर रही है।

भेड़ल गांव निवासी टी.पी. उर्मिला दासी ने लिखित आवेदन में बताया है कि शनिवार 17 मई 2025 की सुबह करीब 9 बजे उनकी 32 वर्षीय बेटी प्रियंका कुमारी मंडल घर के पास स्थित चापानल से पानी लेने गई थी। उस दौरान चापानल के पानी से तेज और अजीब तरह की बदबू आ रही थी। बेटी जब उस पानी से नहाने लगी तो कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह चक्कर खाकर गिर पड़ी, जिससे उसके सिर में चोट भी लग गई।

पीड़िता के अनुसार, कुछ देर बाद उनके पति तापस मंडल भी उसी चापानल से पानी लेकर आए और जैसे ही पानी का इस्तेमाल किया, उनकी भी तबीयत खराब होने लगी। परिजनों का कहना है कि पानी में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था, जिसके कारण अचानक तबीयत बिगड़ी।

घटना के बाद परिवार वालों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से मां-बेटी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) रेफर कर दिया। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
पीड़िता उर्मिला दासी का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने चापानल में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे उनकी बेटी की जान पर बन आई। उन्होंने इस मामले में थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि पीड़िता का कहना है कि आवेदन देने के बावजूद थाना में अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। इससे परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चापानल में जहर मिलाने जैसी घटना की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो क्षेत्र के लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने, पानी की जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *