धनबाद(DHANBAD): धनबाद पहुंची ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता पहले से पारित योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच है कि राज्य के गांव आत्मनिर्भर बनें, और ग्रामीण विकास विभाग इसी दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि धनबाद में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जल्द ही एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें लंबित और स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह धनबाद दौरे पर पूर्व मंत्री स्वर्गीय बच्चा सिंह की पहली पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। इस मौके पर उन्होंने सर्किट हाउस में कांग्रेस नेताओं के साथ भी बैठक की और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।धनबाद से रवाना होकर वह जामताड़ा में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकल पड़ीं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

