धनबाद(DHANBAD): जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार की रात धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह, डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान हाल के दिनों में जिले में घटित आपराधिक घटनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों में अनुसंधान की प्रगति का आकलन किया गया। एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस को प्रो-एक्टिव होकर काम करना होगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने जेल से छूटकर बाहर आए अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया और कहा कि ऐसे अपराधी दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों, इसके लिए उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।
बैठक में फरार अपराधियों और लंबे समय से लंबित वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और दागी व्यक्तियों की सूची अद्यतन रखने तथा उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा।
संगठित अपराध पर सख्ती से लगाम लगाने के निर्देश देते हुए एसएसपी महोदय ने कहा कि ऐसे गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जनता के सहयोग से अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद पुलिस जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

