धनबाद(DHANBAD): नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण और गलत दिशा में वाहन चलाने के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से बैठकर सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं और विपरीत दिशा में वाहन चला रहे चालकों पर कार्रवाई की गई। फिलहाल सभी को समझाइश देकर छोड़ दिया गया, लेकिन दोबारा उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई और जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई है।
फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि अभियान सिटी सेंटर से सिंफर गेट तक चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध तरीके से सब्जी लगाने वालों को हिदायत दी गई है कि वे मुख्य सड़क पर कब्जा न करें। उन्होंने कहा कि यदि फिर से ऐसे विक्रेता सड़क पर अतिक्रमण करते पाए गए तो फाइन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं यातायात थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि सड़क किनारे कब्जा होने से शहर में जाम की समस्या बढ़ती है। साथ ही गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

