
धनबाद(DHANBAD):धनबाद में बुधवार को जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने धनबाद मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ धनबाद थाना प्रभारी आर.एन. ठाकुर और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाओं और कैदियों की स्थिति का जायजा लिया गया।
आईजी सुदर्शन मंडल ने बताया कि यह निरीक्षण एक रूटीन प्रक्रिया के तहत किया गया। उन्होंने कहा कि मई 2025 से लागू हुए नए जेल मैन्युअल और लगभग 131 साल बाद लागू किए गए नए एक्ट के तहत कैदियों के लिए कई बदलाव किए गए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि अब कैदियों को एक सप्ताह में तीन दिन मांसाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उनका नियमित मेडिकल चेकअप और स्क्रीनिंग की जाएगी ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर समय पर ध्यान दिया जा सके।
आईजी ने यह भी बताया कि जो नए कैदी जेल में आएंगे, उनके लिए 10 प्वाइंट्स में लिखे गए मापदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा। कैदियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा इन्हीं बिंदुओं के आधार पर जांचा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट..

