एसएसपी ने क्राइम मीटिंग में दी चेतावनी – काम में कोताही अब नहीं होगी बर्दाश्त
धनबाद(DHANBAD): बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय में देर रात तक आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी। लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में कुमारधुबी थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
बैठक में अगस्त महीने के अपराध नियंत्रण और कार्रवाई की समीक्षा की गई। रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त में कुल 492 आपराधिक मामलों का निष्पादन किया गया जबकि 920 मामलों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान जिले भर में 2600 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार, अवैध शराब, चोरी की गाड़ियाँ और कुर्की की गई संपत्ति जब्त की गई।
अगस्त में ट्रैफिक पुलिस द्वारा ₹65 लाख का जुर्माना वसूल किया गया, जिसे एसएसपी ने बेहतर कार्य निष्पादन का उदाहरण बताया। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जिन वाहनों पर चालान कटे हैं और अब तक जुर्माना नहीं भरा गया है, उन्हें चिह्नित कर संबंधित ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू की जाए।
एसएसपी ने सभी थानेदारों को निर्देशित किया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर और संदिग्ध व्यक्तियों की तुरंत जांच अनिवार्य की गई है।
इसके साथ ही, एसएसपी ने कहा कि यदि किसी आरोपी की जमानत रद्द होती है या गिरफ्तारी के आदेश जारी होते हैं, तो उसकी तत्काल सूचना संबंधित थाना को दी जाए ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

