धनबाद(DHANBAD): नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। मेयर प्रत्याशी रवि बुंदेला ने हिल कॉलोनी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से समर्थन मांगा। इस दौरान वार्ड संख्या 27 की पार्षद प्रत्याशी रूपा कुमारी ने भी उनके समर्थन में जनता से मतदान की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान रवि बुंदेला ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने घोषणा की कि महिलाओं और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए “पिंक बस” ट्रांसपोर्ट सेवा शुरू की जाएगी। इसके अलावा नाली, गली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं को जीत के पहले 100 दिनों के भीतर दूर करने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने उन्हें “हीरा” चुनाव चिह्न आवंटित किया है और इसी प्रतीक पर वोट देने की अपील की जा रही है। 23 तारीख को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर शहर के विकास के लिए सही नेतृत्व चुनने की अपील भी की गई।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और प्रत्याशी को समर्थन देने का भरोसा जताया। चुनावी माहौल में मेयर पद के दावेदार लगातार जनता के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

