
बैंक मोड़–धोआ टांड़ से मेयर चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत
धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम चुनाव में महापौर पद के प्रत्याशी एवं झरिया के पूर्व विधायक माननीय संजीव सिंह ने सोमवार को बैंक मोड़–धोआ टांड़ स्थित अपने पहले चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
चुनावी कार्यालय उद्घाटन के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए संजीव सिंह ने कहा कि आज पहला चुनावी कार्यालय खोला गया है और आने वाले दिनों में नगर निगम क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी चुनावी कार्यालय खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि वे लगातार क्षेत्र भ्रमण कर जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं और उन्हें हर वर्ग से अपार जनसमर्थन मिल रहा है।
संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा निगम क्षेत्र विकास की दृष्टि से दो हिस्सों में बंटा हुआ नजर आता है। एक ओर बैंक मोड़ एवं ओवरब्रिज का इलाका है, जबकि दूसरी ओर झरिया–कतरास क्षेत्र, जहाँ वर्षों से विकास कार्य उपेक्षित रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झरिया–कतरास क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या है और प्रदूषण की स्थिति अत्यंत भयावह बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि अगर कोई व्यक्ति सफेद कपड़े पहनकर बाहर निकलता है तो वे कुछ ही समय में काले हो जाते हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि कोलियरी क्षेत्र के लोगों को आज भी निचले दर्जे का नागरिक समझने की मानसिकता व्याप्त है, जिसे बदलना आवश्यक है। “मेरा संकल्प है कि इस भेदभाव को समाप्त कर धनबाद नगर निगम क्षेत्र का समग्र, संतुलित और समान विकास सुनिश्चित किया जाए,” उन्होंने कहा।
उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का सहयोग मिला तो वे धनबाद को एक स्वच्छ, विकसित और समान अवसर वाला नगर निगम क्षेत्र बनाएंगे।
NEWSANP के लिए अमित चौहान की रिपोर्ट

