धनबाद(DHANBAD):झारखंड भाजपा ने पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत तीन भाजपाइयों को नोटिस भेज कर कार्रवाई की चेतावनी दी है। प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह नोटिस जारी किया गया है।
धनबाद नगर निगम क्षेत्र से मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहे पूर्व विधायक संजीव सिंह के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ता मुकेश पांडे एवं भृगुनाथ भगत को अलग-अलग नोटिस जारी किया गया है। जारी पत्र में लिखा गया है कि पार्टी के संज्ञान में आया है कि आप पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं। यह अनुशासनहीनता है। मामले में एक सप्ताह के अंदर जवाब दें, अन्यथा पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी।
पत्र 12 फरवरी को जारी किया गया है। यानी मतदान की तिथि 23 फरवरी के पहले जवाब देना होगा। पार्टी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का मतलब है कि पार्टी निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी।
ज्ञात हो कि संजीव सिंह, मुकेश पांडे और भृगुनाथ भगत धनबाद से मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। तीनों भाजपा के सदस्य हैं। वहीं, भाजपा ने धनबाद निगम क्षेत्र से मेयर पद के लिए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव कुमार अग्रवाल को पार्टी समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बाद भी तीनों ने नाम वापस लेने से इनकार करते हुए चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
संजीव सिंह झरिया के पूर्व विधायक हैं और वर्तमान में संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह झरिया से भाजपा की विधायक हैं। दो अन्य भाजपा पृष्ठभूमि नेता के भी मेयर पद का चुनाव लड़ रहे हैं, जिन्होंने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भाजपा छोड़ झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर लिया है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी शांतनु चंद्रा भी त्यागपत्र दे चुके हैं। ये दोनों भी मेयर पद के लिए धनबाद से चुनाव लड़ रहे हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

