धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम चुनाव के अंतिम दिन सभी मेयर प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत चुनाव प्रचार में झोंक दी। इसी क्रम में पूर्व मेयर एवं जेएमएम-माले समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। इस अवसर पर सिंदरी से माले विधायक चंद्रदेव महतो भी मौजूद रहे। घोषणा पत्र जारी करते हुए चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि उनका मुख्य संकल्प धनबाद का समग्र विकास है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें एक बार फिर मौका देती है तो शहर की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से शहर में बढ़ते जल प्रदूषण और भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इन मुद्दों से लोगों को निजात दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। चंद्रशेखर अग्रवाल ने साफ कहा कि स्वच्छ पानी, सुगम यातायात और बेहतर शहरी व्यवस्था के लिए ठोस कार्य योजना लागू की जाएगी। माले विधायक चंद्रदेव महतो ने भी सभा को संबोधित करते हुए प्रत्याशी के समर्थन में वोट की अपील की और कहा कि धनबाद के विकास के लिए अनुभवी नेतृत्व की आवश्यकता है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जारी इस घोषणा पत्र को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है, वहीं अब सभी की निगाहें मतदान और परिणाम पर टिकी हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

