धनबाद(DHANBAD): 8 मार्च 2025 धनबाद नगर निगम (DMC) ने शहर में पेयजल संकट को दूर करने और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने बारामुरी, बी पॉलिटेक्निक और असर्फी हॉस्पिटल में जल कनेक्शन की जांच की।
असर्फी हॉस्पिटल में जांच के दौरान नगर निगम इंस्पेक्टर अनिल कुमार और हॉस्पिटल कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। सूत्रों के अनुसार, ऊपर से एक फोन कॉल आने के बाद मामला शांत हो गया और जांच अधूरी रह गई।
नगर निगम पूरे शहर में अवैध जल कनेक्शनों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार छापेमारी कर रहा है। गर्मी के मौसम में जल संकट को देखते हुए, अवैध जल उपभोक्ताओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। निगम द्वारा अवैध कनेक्शन धारकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम की इस सख्ती से अवैध जल उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारी जल संकट को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की तैयारी में हैं, ताकि शहरवासियों को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
NEWS ANP के लिए विवेक के साथ कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट..