धनबाद को मिला नई सौगात : नगर निगम के प्रस्ताव पर जिला प्रशासन की मुहर, कतरास में बनेगा इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT), नगर निगम को 12 एकड़ ज़मीन नि:शुल्क आवंटित…

धनबाद को मिला नई सौगात : नगर निगम के प्रस्ताव पर जिला प्रशासन की मुहर, कतरास में बनेगा इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT), नगर निगम को 12 एकड़ ज़मीन नि:शुल्क आवंटित…

धनबाद(DHANBAD): कोयलांचल वासियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है कि लंबे समय से अटकी इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की योजना अब आखिरकार धरातल पर उतरने जा रही है। धनबाद नगर निगम के प्रस्ताव पर जिला प्रशासन ने सहमति जताते हुए कतरास के लिलौरी मंदिर के पास 12 एकड़ जमीन नि:शुल्क ट्रांसफर कर दी है। इस फैसले के साथ ही पिछले नौ वर्षों से जमीन के अभाव में ठंडी पड़ी योजना को गति मिल गई है।

धनबाद शहर का बरटांड़ बस स्टैंड भीड़भाड़ और जाम की सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। हर दिन हजारों की संख्या में दूसरे जिलों और राज्यों से आने-जाने वाली बसों के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने बरटांड़ से बस स्टैंड को शिफ्ट कर कतरास में आईएसबीटी बनाने की योजना तैयार की थी। लेकिन जमीन की उपलब्धता न होने से यह योजना वर्षों तक अधर में लटकी रही। अब जमीन मिलने के बाद निगम ने डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

आईएसबीटी के बन जाने के बाद दूसरे राज्यों से आने वाली बसें अब शहर में प्रवेश नहीं करेंगी। सभी बसें सीधे कतरास आईएसबीटी पहुंचेंगी, जिससे बरटांड़ और आसपास के इलाकों से ट्रैफिक का बोझ कम हो जाएगा। इससे न केवल शहर की जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी बल्कि प्रदूषण और अव्यवस्था भी घटेगी। यात्रियों को भी एक ही स्थान पर अत्याधुनिक बस टर्मिनल की सुविधाएं मिलेंगी, जिसमें साफ-सुथरे प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, खानपान व्यवस्था, पार्किंग, शौचालय और सुरक्षा के आधुनिक इंतज़ाम शामिल होंगे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि छह महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है तो जमीन वापस ले ली जाएगी। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा – “नगर निगम को कतरास के लिलौरी मंदिर के समीप 12 एकड़ जमीन नि:शुल्क हस्तांतरित की गई है। लंबे समय से अटकी योजना अब अमलीजामा पहनेगी और शहर को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।”

योजना से जुड़े फायदे

ट्रैफिक में राहत: शहर की सड़कों से जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।

यात्रियों को सुविधा: आधुनिक बस टर्मिनल में साफ-सुथरे प्रतीक्षालय, खानपान, टिकट काउंटर, पार्किंग और सुरक्षा की व्यवस्था।

प्रदूषण में कमी: शहर में अनावश्यक बसों का प्रवेश बंद होगा जिससे ध्वनि और वायु प्रदूषण में कमी आएगी।

आर्थिक विकास: आईएसबीटी क्षेत्र में होटल, बाजार और छोटे-छोटे कारोबार पनपेंगे, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

बरटांड़ का पुनर्विकास: पुराने बस स्टैंड की जमीन का उपयोग अन्य विकास योजनाओं और सौंदर्यीकरण के लिए किया जा सकेगा।

स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया

कतरास निवासी राजेश महतो ने खुशी जाहिर करते हुए कहा – “यहां आईएसबीटी बनने से न सिर्फ परिवहन व्यवस्था सुधरेगी बल्कि स्थानीय व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।”
वहीं, धनबाद शहर की रहने वाली शिक्षिका रेखा देवी ने कहा – “बरटांड़ में रोजाना लगने वाले जाम से लोग बेहद परेशान रहते थे। अब बस स्टैंड शिफ्ट होने से शहर की भीड़भाड़ और प्रदूषण दोनों से राहत मिलेगी।”

आईएसबीटी का निर्माण पूरा होने के बाद कोयलांचल में यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक बस यात्रा का अनुभव मिलेगा, वहीं धनबाद शहर नई पहचान के साथ एक आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में उभरेगा।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह कि रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *