धनबाद(DHANBAD): धनबाद में बंगाली वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित होने वाले बुक फेयर को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान सोसाइटी के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह धनबाद जिले का एकमात्र पुस्तक मेला होगा, जो गोल्फ ग्राउंड में 3 अप्रैल से 10 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस मेले में पुणे, कोलकाता, रांची और पटना जैसे शहरों के प्रमुख प्रकाशक भाग लेंगे, जिससे पाठकों को विविध विषयों की पुस्तकों का बड़ा संग्रह एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा। इस बार पुस्तक मेले का थीम “गोल्डन पास्ट” रखा गया है, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को उन महापुरुषों के योगदान से अवगत कराना है, जिन्होंने हमारे व्यक्तित्व और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि विद्यार्थियों के लिए स्पीच प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिससे उनमें ज्ञान और अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास हो सके। इसके अलावा मेले में खाने-पीने के स्टॉल, मसालों और अन्य उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिष्ठित लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। पुस्तक मेले का संचालन प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

