देशभर में मनाया जा रहा महाशिवरात्रि का पर्व, राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं…

देशभर में मनाया जा रहा महाशिवरात्रि का पर्व, राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं…

आज पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ महाशिवरात्रि का पावन पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को हार्दिक बधाई दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए लिखा, “महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी प्रार्थना है कि भगवान महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे और हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।”

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आत्मचिंतन और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “भगवान शिव का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और उनके मार्गदर्शन से हमारा राष्ट्र निरंतर उन्नति की ओर बढ़ता रहे। हर हर महादेव!”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया और लिखा, “भगवान भोलेनाथ का यह दिव्य पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। साथ ही, विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करे। हर-हर महादेव!”

गृहमंत्री अमित शाह ने भी महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा, “महाशिवरात्रि आत्मचिंतन, अध्यात्म और आस्था का पर्व है। यह पर्व हमें जीवन में संयम, शांति और समर्पण का संदेश देता है। भगवान शिव से प्रार्थना है कि वे सभी को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें।” केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस शुभ अवसर पर अपनी शुभकामनाएं प्रकट करते हुए लिखा, “भगवान महादेव से प्रार्थना करता हूं कि वे देश की खुशहाली और समृद्धि में वृद्धि करें। समस्त देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं!”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर भगवान शिव की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। शिवशक्ति की कृपा सभी पर बनी रहे। हर हर महादेव!”

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए लिखा, “महाशिवरात्रि की सर्वकल्याणकारी शुभकामनाएं! यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “त्रिभुवनपति भगवान शिव की आराधना और उपासना को समर्पित इस पावन महापर्व पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई। देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती की कृपा से सभी का कल्याण हो।”

देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है और श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ रहे हैं। शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *