दुमका की बेटी ने यूपीएससी में हासिल की 41वीं रैंक, झारखंड का नाम रोशन…

दुमका की बेटी ने यूपीएससी में हासिल की 41वीं रैंक, झारखंड का नाम रोशन…

दुमका (DUMKA): दुमका की बेटी सुदीपा दत्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 41वीं रैंक हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत और मजबूत संकल्प के बल पर सुदीपा ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनके परिवार और पूरे दुमका में खुशी और गर्व का माहौल है।

सुदीपा दुमका के कुमड़ाबाद की रहने वाली हैं। उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता डाकघर में पोस्टमास्टर हैं, जबकि माता पंपा दत्ता गृहिणी हैं। वर्तमान में उनका परिवार एलआईसी कॉलोनी में रहता है। साधारण परिवार से होने के बावजूद सुदीपा ने अपने अनुशासन और लगन से यह साबित किया कि सीमित साधन भी बड़े सपनों में बाधा नहीं बन सकते।

यह सुदीपा का तीसरा प्रयास था। इससे पहले वह साक्षात्कार तक पहुँच चुकी थीं, लेकिन अंतिम सूची में स्थान नहीं बना। लगातार प्रयास और धैर्य के साथ तैयारी जारी रखी और इस बार शानदार सफलता हासिल की।

सुदीपा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ स्कूल, बांका से प्राप्त की। इसके बाद सिदो कान्हू हाई स्कूल, दुमका से इंटरमीडिएट और ए.एन. कॉलेज, दुमका से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने बड़े कोचिंग शहरों का रुख नहीं किया और दुमका में रहकर ही यूपीएससी की तैयारी की। नियमित रूप से राजकीय पुस्तकालय में पढ़ाई कर उन्होंने अपनी तैयारी को मजबूत बनाया। इससे पहले उनका चयन झारखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से सीडीपीओ पद के लिए भी हो चुका है।

सुदीपा की यह उपलब्धि पूरे झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। मेहनत, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है, और सुदीपा की सफलता इसका जीवंत उदाहरण है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *