धनबाद(DHANBAD): फेडरेशन ऑफ धनबाद जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष सह चिरकुंडा चैंबर आफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजेश गुप्ता उर्फ पप्पू गुप्ता ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के जाने से जो शून्य पैदा हुआ है, उसे कभी भरा नहीं जा सकता। गुप्ता ने शिबू सोरेन को झारखंड के गरीबों और जनता की ताकत बताते हुए उनके संघर्षों को याद किया।
राजेश गुप्ता ने कहा कि शिबू सोरेन ने महाजनों और सूदखोरों के खिलाफ जिस तरह से लड़ाई लड़ी और वनवासियों के हक और अधिकार के लिए संघर्ष किया, उसे इतिहास कभी नहीं भूल पाएगा। शिबू सोरेन केंद्रीय मंत्री और झारखंड के मुख्यमंत्री जैसे बड़े पदों पर रहने के बावजूद कभी भी अहंकार नहीं किया। वे छोटे से छोटे कार्यकर्ता और आम आदमी से भी बहुत सहजता से मिलते थे।
गुप्ता ने आगे कहा कि झारखंड को अलग राज्य बनाने की कल्पना और संघर्ष का परिणाम ही है कि आज झारखंड एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में है।शिबू सोरेन की सोच और संघर्ष ने ही यह सुनिश्चित किया कि झारखंड के संसाधनों और संपत्ति का उपयोग दूसरे क्षेत्रों के विकास के बजाय झारखंड की जनता के हक में हो।
राजेश गुप्ता ने कहा कि भले ही शिबू सोरेन अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वे हमेशा झारखंडवासियों के दिलों में जिंदा रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति मिले। गुप्ता ने यह भी कहा कि इस दुख की घड़ी में समस्त झारखंडवासी उनके साथ खड़े हैं। शिबू सोरेन का जाना झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसका असर लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।
NEWSANP के लिए निरसा से धनबाद की रिपोर्ट

