धनबाद(DHANBAD): दिल्ली पब्लिक स्कूल ,धनबाद में 24 दिसंबर, 2024-25 मंगलवार को कनिष्ठ वर्ग (कक्षा प्री नर्सरी से कक्षा 5 )के विद्यार्थियों हेतु वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया । उद्घाटन समारोह में माननीय श्रीमान कपिल चौधरी (S.P. RURAL ) बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या डॉ० सरिता सिन्हा ने की। समारोह में सर्वप्रथम विद्यालय की प्राचार्या डॉक्टर सरिता सिन्हा ,उप प्राचार्या कल्याणी प्रसाद एवं मुख्य अध्यापिका गीता साहा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया ।मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण तथा मशाल जलाकर खेल समारोह के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की और अनुशासित प्रतिस्पर्धा के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने की शपथ दिलाई..
तत्पश्चात विभिन्न सदनों के प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट एवं ड्रिल प्रस्तुत किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में पूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया ।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में आयोजित प्रतिस्पर्धाओं में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का परिचय तो देते ही हैं साथ ही उनमें सकारात्मकता, स्वस्थ प्रतियोगिता एवं अनुशासन का भाव भी जन्म लेता है। उन्होंने प्रतिभागियों को खेलों के महत्व से परिचित कराते हुए कहा कि हर खिलाड़ी को अपने खेल के प्रति समर्पित होना चाहिए और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सफलता या असफलता की चिंता किए बिना सतत प्रयत्नशील रहना चाहिए। विद्यालय के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों के खेलकूद पर ध्यान देना चाहिए ..
उनके ऊपर केवल पढ़ाई का दबाव नहीं डालना चाहिए।विद्यालय की प्राचार्या डॉ० सरिता सिन्हा ने सभी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में खेलों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। खेलों द्वारा हम अपने अंदर लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के भाव को जगा कर अपने संकल्पों को सिद्धी तक पहुंचा सकते हैं।विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहना चाहिए। इससे उनका यथोचित शारीरिक एवं मानसिक विकास संभव होगा और विद्यार्थी एक आदर्श नागरिक बनने में सफल होंगे।अतः सभी विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही उत्साह के साथ खेलों से जुड़ना चाहिए..
समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्वर्ण,रजत,एवं कांस्य पदक से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल विभागाध्यक्ष अनुपम माहाता, रंजीत सिंह, कुणाल कुमार एवं आरती के साथ-साथ अन्य समस्त विभाग के शिक्षक -शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा..
NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

