दिल्ली(DELHI): दिल्ली में लाल किला कार बम धमाके की जांच में NIA को बड़ी सफलता मिली है। इस महीने की शुरुआत में हुए इस हमले में 10 लोगों की मौत और 32 लोग घायल हुए थे। अब एजेंसी ने साजिश से जुड़े एक कश्मीरी युवक अमीर को गिरफ्तार किया है, जिसने आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर उन नबी की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कार उसी के नाम पर थी, NIA ने दिल्ली से पकड़ा
जांच में यह पुष्टि हुई कि 10 नवंबर के धमाके में इस्तेमाल हुई कार अमीर के नाम पर रजिस्टर्ड थी। इसी आधार पर NIA ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया।
एजेंसी के अनुसार, अमीर उमर की मदद के लिए खास तौर पर दिल्ली पहुंचा था और उसी ने वाहन की व्यवस्था की, जिसे बाद में विस्फोटकों से लदी IED कार में बदला गया।
उमर था आत्मघाती हमलावर
NIA ने बताया कि अमीर और उमर ने मिलकर इस साजिश को रचा था।
उमर फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में जनरल मेडिसिन का असिस्टेंट प्रोफेसर था।
फॉरेंसिक जांच में धमाके की जगह से मिली जली हुई बॉडी की पहचान उमर उन नबी के रूप में हुई, जिससे यह पुष्टि हो गई कि वही आत्मघाती हमलावर था।
NIA ने 73 गवाहों से पूछताछ की
जांच टीम ने उमर की एक और गाड़ी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी है।
अब तक 73 गवाहों से पूछताछ की जा चुकी है, जिनमें धमाके में घायल कई लोग भी शामिल हैं।
NIA दिल्ली पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, हरियाणा पुलिस, यूपी पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर साजिश की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।
और गिरफ्तारियां संभव
जांच अधिकारियों का कहना है कि साजिश केवल दो आरोपियों तक सीमित नहीं है।
जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना जताई गई है।
NEWSANP के लिए दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

