राँची(RANCHI): बर्फ से ढके स्विट्जरलैंड के दावोस में इस बार झारखंड की मिट्टी की खुशबू और ‘जोहार’ की आत्मीय गूंज सुनाई देगी। यह ऐतिहासिक क्षण 19 से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक में होगा। CM हेमंत सोरेन पहली बार अपनी उपस्थिति दर्ज करायेंगे। यह पहला अवसर है जब झारखंड सीधे तौर पर विश्व के सबसे प्रभावशाली आर्थिक मंच पर अपनी पहचान, संस्कृति और संभावनाओं के साथ खड़ा होगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधिमंडल विश्व के शीर्ष निवेशकों को राज्य में निवेश का न्योता देगा।
विश्व निवेशकों के सामने खुलेगा ‘Infinite Opportunity State’
दावोस में झारखंड क्रिटिकल मिनरल्स और खनन, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल और ऑटोमोबाइल, अक्षय ऊर्जा, वस्त्र उद्योग पर्यटन और वनोत्पाद जैसे क्षेत्रों में अपनी असीम संभावनाओं और सरकारी सहयोग का खाका पेश करेगा। राज्य सरकार का फोकस विजन 2050 को मजबूती देने और झारखंड को देश के अग्रणी निवेश राज्यों की कतार में खड़ा करने पर रहेगा।
मुख्यमंत्री का लक्ष्य: संवाद, निवेश और भरोसा
CM हेमंत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की दावोस यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड को प्रमुख वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। बहुराष्ट्रीय कंपनियों के शीर्ष नेतृत्व से सीधा संवाद, फोकस सेक्टर में नये निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाना, झारखंड की छवि को “Infinite Opportunity State” के रूप में प्रस्तुत करना है। विश्व आर्थिक मंच की इस बैठक में भारत की ओर से केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल और अन्य राज्यों की भागीदारी भी होगी। केंद्र सरकार ने इंडिया पवेलियन के लिये देश के छह राज्यों का चयन किया है, जिनमें झारखंड भी शामिल है। झारखंड इस वैश्विक मंच पर
“GROWTH IN HARMONY WITH NATURE” थीम के साथ अपनी बात रखेगा। दावोस 2026 में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने की संभावना है। करीब 130 देशों के लगभग 3,000 प्रतिनिधि एवं वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था और उद्योग के शीर्ष चेहरे शिरकत करेंगे। WEF 2026 का विषय “A Spirit of Dialogue”
“Unlocking New Sources of Growth” रखा गया है। राज्य सरकार का मानना है कि इस मंच पर झारखंड की मौजूदगी वैश्विक उद्योगपतियों से सीधा संवाद, निवेश और आर्थिक विकास, रोजगार सृजन, भावी पीढ़ी को वैश्विक अवसरों से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

