तेज प्रताप यादव का ऐलान… परसों होगा जबरदस्त ‘धमाका’…

तेज प्रताप यादव का ऐलान… परसों होगा जबरदस्त ‘धमाका’…

पटना(PATNA): JJD यानी जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और राजद के पूर्व नेता तेज प्रताप यादव ने घोषणा की है कि वे 13 अक्टूबर (सोमवार) को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे। तेज प्रताप ने बताया कि वे खुद महुआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। यही वह सीट है, जहां से उन्होंने 2015 में राजद के टिकट पर जीत हासिल की थी।

परसों होगा ज़ोरदार एलान : तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप यादव ने शनिवार को कहा, “मैं परसों अपने उम्मीदवारों की घोषणा करूंगा, परसों जोरदार एलान होगा। मैं महुआ से चुनाव लड़ूंगा।” जब उनसे पूछा गया कि क्या वे किसी अन्य पार्टी से गठबंधन की सोच रहे हैं, तो उन्होंने कहा, “सब लोग मुझसे मिलने आ रहे हैं।” राजद से निष्कासित होने के बाद तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल (JJD) की स्थापना की थी। फिलहाल महुआ सीट राजद के नेता मुकेश कुमार रौशन के पास है।

विवादों से घिरे रहे हैं तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप यादव का निजी जीवन भी अक्सर सुर्खियों में रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय की पोती ऐश्वर्या राय से शादी की थी, लेकिन जल्द ही दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। ऐश्वर्या ने आरोप लगाया कि ससुरालवालों ने उन्हें घर से निकाल दिया, और अब तलाक का मामला पारिवारिक न्यायालय में लंबित है। इसके अलावा, फेसबुक पोस्ट को लेकर विवाद के बाद उन्हें राजद और यादव परिवार से बाहर कर दिया गया था।

बिहार चुनाव : कब और किनके बीच है मुकाबला?
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी। मुख्य मुकाबला एनडीए बनाम महागठबंधन के बीच है। एक ओर तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाला महागठबंधन, तो दूसरी तरफ भाजपा-नीतीश कुमार की एनडीए। वहीं प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत दे दिए हैं।

NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *