पटना(PATNA): लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव को लेकर सोशल मीडिया पर बीते दिनों एक अफवाह तेजी से फैली। दावा किया गया कि अनुष्का यादव नाम की युवती मां बनी हैं और तेजप्रताप यादव पिता बने हैं। यह चर्चा सोशल मीडिया से निकलकर बिहार के कुछ छोटे-मोटे न्यूज चैनलों तक पहुंच गई।
अफवाहों पर जवाब देने के लिए तेजप्रताप यादव ने आनन-फानन में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। इस दौरान उन्होंने अनुष्का यादव के साथ वायरल हुई तस्वीरों को लेकर स्पष्ट कहा कि उनका उस लड़की से कोई संबंध नहीं है। तेजप्रताप यादव ने दावा किया कि वायरल तस्वीरें उन्होंने खुद पोस्ट नहीं की थीं और उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया था, जिसके जरिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि आलोक गुर्जर कौन हैं और अनुष्का यादव से उनका क्या संबंध है, यह सामने आना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजप्रताप यादव भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे मानसिक उत्पीड़न की वजह से वे डिप्रेशन में चले गए थे। उन्होंने यहां तक कहा कि एक समय आत्महत्या तक के विचार मन में आए। तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया कि जिस तरह उनके पिता को झूठे मामलों में फंसाया गया, उसी तरह उनके खिलाफ भी साजिश रची जा रही है।
‘5 जयचंद’ के नामों का किया खुलासा
तेजप्रताप यादव ने दावा किया कि उन्हें साजिश के तहत घर और पार्टी से अलग किया गया। उन्होंने पांच लोगों को “जयचंद” बताते हुए आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने मिलकर उन्हें बदनाम किया।
उन्होंने जिन लोगों के नाम लिए, वे हैं—
- पूर्व विधायक मुकेश रौशन
- संजय यादव
- रमीज
- शक्ति सिंह
- सुनील सिंह
तेजप्रताप यादव का कहना है कि इस पूरे कथित गिरोह का सरगना मुकेश रौशन है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

