तृणमूल पार्षद पति पर गुंडागर्दी का आरोप, केयरटेकर की पिटाई का वीडियो वायरल…

तृणमूल पार्षद पति पर गुंडागर्दी का आरोप, केयरटेकर की पिटाई का वीडियो वायरल…

कुलटी(WEST BENGAL):आसनसोल के कुलटी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 62 के पुनुड़ी ग्राम में तृणमूल कांग्रेस की पार्षद के पति पर गुंडागर्दी का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी की रात करीब 8 बजे पुनुड़ी ग्राम इलाके में हरी कीर्तन का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि यह आयोजन वार्ड संख्या 62 की तृणमूल पार्षद खमा मंडल की ओर से कराया गया था। कार्यक्रम के दौरान माइक, चोंगा और साउंड बॉक्स तेज आवाज में बजाए जा रहे थे, जिससे इलाके में रहने वाले परीक्षार्थी छात्रों को पढ़ाई में परेशानी हो रही थी।

आरोप है कि इसी को लेकर इलाके की एक महिला पार्षद के पास साउंड कम करने की अपील लेकर पहुंची, लेकिन पार्षद ने साउंड कम करने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला के समर्थन में स्थानीय केयरटेकर कल्याण माझी भी साउंड कम करने की मांग करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान पार्षद के पति सुखमय मंडल और उनके बड़े भाई सदानंद मंडल कथित तौर पर गुस्से में आ गए और कल्याण माझी के साथ मारपीट की। आरोप है कि लात-घूंसों से की गई पिटाई में कल्याण माजी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें दो दिनों तक आसनसोल जिला अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।
वहीं, मामले में एक नया मोड़ तब आया जब इलाके के पूर्व तृणमूल पार्षद बिश्वनाथ मंडल, जो वर्तमान पार्षद के पति के बड़े भाई बताए जा रहे हैं, ने कल्याण माझी के खिलाफ ही हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज करवा दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि, इस संबंध में अब तक तृणमूल पार्षद या उनके परिवार की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *