
आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस के कब्जे वाली इस सीट पर सेंध लगाने के उद्देश्य से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
भाजपा के राज्य स्तरीय नेता कृष्णेंदु मुखर्जी के साथ-साथ स्थानीय नेता कृष्णा प्रसाद, अमिता सी, विगु ठाकुर, प्रदीप सिंह, मदन मोहन चौबे, कार्तिक दास, बबलू विश्वास और कल्याण दास अलग-अलग इलाकों में “संकल्प यात्रा” के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। इस दौरान वे क्षेत्र की समस्याएं सुनने के साथ-साथ विकास से जुड़े सुझाव भी ले रहे हैं।
भाजपा नेताओं का कहना है कि उनका मुख्य लक्ष्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार, हर गांव और शहर में पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारियों में जुटी हुई है।
भाजपा केवल आसनसोल उत्तर ही नहीं, बल्कि जिले की अन्य आठ विधानसभा सीटों पर भी लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही है। पार्टी का दावा है कि वह आगामी चुनाव में भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी.
गौरतलब है कि आसनसोल उत्तर सीट फिलहाल तृणमूल कांग्रेस के कब्जे में है और यहां से विधायक मलय घटक हैं, जो ममता बनर्जी सरकार में कानून मंत्री भी हैं। उन्हें क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता है। ऐसे में भाजपा के लिए यह सीट चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है, लेकिन पार्टी ने यहां अपनी रणनीति तेज कर दी है और संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट
