नई दिल्ली(NEW DELHI): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर सीधे और जोरदार वार करना शुरू कर दिया है. दिल्ली विधानसभा चुनाव के करीब आते ही अरविंद केजरीवाल और बीजेपी के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी नेताओं के झुग्गियों में रात बिताने को लेकर हमला किया. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी नेताओं को चुनौती दी कि वो घोषित करें कि उनका सीएम पद का चेहरा कौन है? अरविंद केजरीवाल ने तंज करते हुए कहा कि बीजेपी बताए कि उसका दूल्हा कौन है…
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी वाले झुग्गियों में जाकर सो रहे हैं. अब इन्हें झुग्गी वाले याद आ रहे हैं. पिछले 5 साल में इन्होंने झुग्गियां तोड़ी हैं. झुग्गी वालों सुन लो, जिन झुग्गियों में ये सो रहे हैं चुनाव के बाद ये इन्हें तुड़वा देंगे. सुंदर नगर की झुग्गियों में इन्होंने लूडो खेली थी, बाद में इन्होंने तुड़वा दिया था. अरविंद केजरीवाल ने लोगों से कहा कि बीजेपी वाले जो भी सामान बांटने आएं तो ले लेना लेकिन वोट AAP को देना. केजरीवाल ने कहा कि ये कुछ भी सामान दें, तो ले लेना लेकिन दारू मत लेना. दारू बुरी चीज है….
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोला
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एक बार अमित शाह कह दें कि कानून- व्यवस्था नहीं सम्भल रही है, तो मेरी बहनें इतनी ताकतवर हैं कि खुद ही सम्भाल लेंगी. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सब फ्री कर दिया और अब 2100-2100 आपके खाते में आयेंगे. बीजेपी वाले कह रहे हैं कि केजरीवाल पैसे उड़ा रहा है ये बिगड़ जाएंगी. जितनी मर्जी गालियां देते रहें लेकिन मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता….
NEWSANP के लिए नई दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

