वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने रविवार को PM नरेंद्र मोदी से अहम मुलाकात की। यह बैठक जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुये आतंकी हमले और पाकिस्तान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई की पृष्ठभूमि में हुई, जिससे इसकी गंभीरता और बढ़ जाती है। इससे पहले, 3 मई को नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी और 30 अप्रैल को थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। इन बैठकों में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी शामिल रहे।
गौरतलब है कि बीते 26 अप्रैल को हुई एक हाई लेवल मीटिंग में PM मोदी ने तीनों सेनाओं को पूरी ऑपरेशनल फ्रीडम देने का ऐलान किया था, यानी समय, तरीका और लक्ष्य सेनाएं स्वयं तय करेंगी। इस बीच, ऑर्डनेंस फैक्ट्री बोर्ड ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं, जो बढ़ती सैन्य तैयारियों का संकेत है। सरकार का स्पष्ट संदेश है, आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई अब टाली नहीं जायेगी। विपक्ष के भी समर्थन से यह संकेत मिल रहा है कि भारत की प्रतिक्रिया इस बार “सटीक और संतुलित” होगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

