बिहार(BIHAR) : बिहार के रोहतास के बिक्रमगंज प्रखंड क्षेत्र में अलग-अलग गांवों के पांच लोगों की एक के बाद एक संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग बीते 14 फरवरी की रात मठिया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह से लौटे थे। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और क्रमशः सभी की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में जहरीले पेय पदार्थ से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि परिजन इस दावे से इनकार कर रहे हैं। सभी मृतकों का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है, जिससे मामले की जांच और जटिल हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, बिक्रमगंज के मठिया गांव में पूजन सिंह के बेटे का तिलक समारोह आयोजित हुआ था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लोग अपने-अपने घर लौट गये। 16 फरवरी को मठिया गांव निवासी लल्लू सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद क्रमशः नासरीगंज थाना क्षेत्र के बड़की सबदला गांव निवासी अभिजीत सिंह (32), भोजपुर जिले के गरहाथा गांव निवासी राहुल कुमार (34) और अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के दो बावर्चियों की भी मौत की खबर सामने आई। एक ही समारोह में शामिल पांच लोगों की लगातार मौत से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि तिलक समारोह के दौरान सभी ने कोई जहरीला पेय पदार्थ का सेवन किया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि मृतकों के परिजन इन अटकलों को खारिज कर रहे हैं। कुछ लोग किडनी फेल्योर, तो कुछ कुत्ते के काटने को मौत की वजह बता रहे हैं। इस बीच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त तारिक महमूद के नेतृत्व में टीम संबंधित गांवों में पहुंचकर जांच कर रही है। पुलिस कप्तान रौशन कुमार ने मीडिया से कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने का इंतजार करने की अपील की है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

