तालाब में बर्तन धो रही महिला को सियार (लोमड़ी) ने काटा, महिला हुई घायल…

तालाब में बर्तन धो रही महिला को सियार (लोमड़ी) ने काटा, महिला हुई घायल…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी अंचल के रघुनाथपुर पंचायत अंतर्गत नूतनडीह गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना घटी। गांव की आदिवासी महिला समरी टुडू तालाब में बर्तन धो रही थी, तभी अचानक एक जंगली सियार (लोमड़ी) ने उस पर हमला कर दिया। सियार के काटने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद सियार को पकड़कर मार डाला। घायल महिला को ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में सियार (लोमड़ी) का आतंक बढ़ गया है। कई मवेशियों और मुर्गियों पर हमले हो चुके हैं, जिससे गांव के लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, पहले भी ऐसे जंगली जानवर गांव में घुसकर नुकसान पहुंचा चुके हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में नियमित गश्त कराई जाए और ऐसे जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की जाए, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *