धनबाद(DHANBAD): मंगलवार की रात एक गंभीर सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब बरमासिया रेलवे साइडिंग से एफसीआई गोदाम पांडुकी जा रहा अनाज लदा ट्रक (वाहन संख्या WB 53C – 1664) निर्धारित मार्ग का उल्लंघन कर भीड़भाड़ वाले हीरापुर क्षेत्र में प्रवेश कर गया और बेकाबू रफ्तार में कई स्थानों पर नुकसान पहुंचाता हुआ आगे बढ़ता रहा। समय पर कार्रवाई और पुलिस की तत्परता से संभावित बड़ी जनहानि टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए रानी रोड–हीरक रोड होते हुए सीधे हाईवे तक जाने का रूट निर्धारित किया है। इसके बावजूद संबंधित ट्रक चालक ने नियमों की अनदेखी करते हुए हीरापुर मार्ग से एलसी रोड की ओर रुख कर लिया। डीएस कॉलोनी रोड पर ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी और आगे बढ़ते हुए अभय सुंदरी स्कूल की दीवार को क्षतिग्रस्त करते हुए गुमटी तोड़ते हुए कैंपस में घुस गया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी वरिष्ठ झामुमो नेता अमितेश सहाय ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ अपनी टाटा कार से जा रहे थे, उनकी कार ट्रक के ठीक पीछे चल रही थी। उन्होंने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने न केवल वाहन नहीं रोका बल्कि बैक गियर लगाकर उनकी कार को टक्कर मार कर उनकी टाटा कर्व कार को आगे से क्षतिग्रस्त कर दिया। चालक की सतर्कता से वे सपरिवार बाल-बाल बच गए। इसके बाद श्री सहाय ने तुरंत धनबाद प्रभारी एवं डीएसपी-1 शंकर कामती को घटना की सूचना देते हुए ट्रक का पीछा जारी रखा।
पीछा करने के दौरान रास्ते में एक बाइक सवार सड़क किनारे गिरा मिला, जो सौभाग्य से सुरक्षित था। इस बीच पत्रकार राजकुमार मंडल को घटना की सूचना दी, जिन्होंने बड़ी तत्परता के साथ अपने मित्र शुभम सिंह की मदद से मेमको मोड़ पर पुलिस बैरिकेडिंग करवाई। बेपरवाह ट्रक चालक ने बैरिकेडिंग को भी तोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन अंततः किशन चौक होते हुए एफसीआई गोदाम परिसर में प्रवेश करते ही बरवड्डा थानेदार पुलिस बल के साथ उसे घेरकर पकड़ लिया। ट्रक को जब्त कर संबंधित थाना लाया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिनमें राजा बाबू और संजीव चौरसिया सहित कई लोग शामिल थे। लोगों ने चालक की लापरवाही और निर्धारित रूट के उल्लंघन पर कड़ी नाराजगी जताई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि उस समय सड़क पर सामान्य भीड़ रहती, तो यह हादसा भयावह रूप ले सकता था और कई लोगों की जान जा सकती थी। उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने पहले ही बरमासिया साइडिंग से ट्रकों के आवागमन को रात्रिकाल में सीमित कर रखा है, इसके बावजूद भारी वाहनों का शहर के भीतरी मार्गों से गुजरना गंभीर सुरक्षा चूक को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने, तथा शहर के भीड़भाड़ वाले मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक सुनिश्चित करने की मांग की है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

