

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव मंदिर के समीप स्थित तपोवन कॉलोनी में गृह भेदन (चोरी) की घटना सामने आई है। बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गृह स्वामी सुदेश दुबे अपने परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में लगभग एक सप्ताह से घर से बाहर थे, जिसके कारण घर खाली पड़ा हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने सुनियोजित तरीके से ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि चोरों ने काफी आराम से पूरे घर की तलाशी ली। घर के प्रत्येक कमरे को खंगाला गया और अलमारी में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया गया। घटना से यह भी संकेत मिलता है कि चोरों को इस बात की जानकारी थी कि घर में कोई मौजूद नहीं है।
स्थानीय पड़ोसी राजकुमार ने बताया कि सुबह उठने के बाद उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने गृह स्वामी से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि वे इलाज के लिए बाहर गए हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर की बारीकी से जांच की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जाएगा, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल चोरी में हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। गौरतलब है कि धनबाद जिले में इस प्रकार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

