सिंदरी(SINDRI):आज डोमगढ़ बचाओ मोर्चा के एक विशाल प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुल्लू महतो जी से उनके आवासीय कार्यालय पर मुलाकात की। मोर्चा के अध्यक्ष धीरज सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डोमगढ़ में छपे समाचारों के बाद फैले भय और भ्रम की स्थिति पर चिंता व्यक्त की तथा स्थानीय लोगों की ओर से अपनी बात रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को कल के समाचार पत्रों में प्रकाशित उस रिपोर्ट की जानकारी दी जिसमें बताया गया था कि सेल प्रबंधन द्वारा R&R (पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन) नीति के तहत डोमगढ़ के निवासियों को विस्थापित करने एवं मुआवजा देने की घोषणा की गई है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ढुल्लू महतो ने स्पष्ट किया कि वे कल हुई मीटिंग में उपस्थित अवश्य थे, परंतु उस बैठक में अभी तक कोई फाइनल निर्णय नहीं हुआ है, न ही उन्होंने किसी प्रकार के “मिनट्स ऑफ मीटिंग” पर हस्ताक्षर किए हैं। अतः अखबारों में जो छपा है, वह आधिकारिक नहीं है और उस पर ध्यान न देने की अपील की।
सांसद ने आश्वासन दिया कि डोमगढ़ के निवासियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने एफसीआई और सेल प्रबंधन को साफ शब्दों में कहा है कि विस्थापित होने वाले लोगों को वैकल्पिक आवास और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें। उन्होंने कहा, “मैं अपने कहे हुए वादों पर अडिग हूं और यह सुनिश्चित करूंगा कि डोमगढ़ के निवासियों के साथ पूरा न्याय हो।”
सांसद महतो, जो कि भारत सरकार की इस्पात संबंधी संसदीय समिति के सदस्य भी हैं, ने कहा कि वे इस मुद्दे को इस्पात मंत्री के समक्ष भी उठाएंगे तथा सेल के चेयरमैन से बात कर यह सुनिश्चित करेंगे कि डोमगढ़ वासियों के अधिकारों की अनदेखी न हो।
इसके साथ ही सांसद ने धनबाद के उपायुक्त (DC) से दूरभाष पर वार्ता की और उनसे डोमगढ़ का निरीक्षण करने का अनुरोध किया, ताकि यह देखा जा सके कि ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग के लिए क्षेत्र में अन्य खाली जमीन उपलब्ध है या नहीं। उन्होंने कहा कि यदि खाली जगह होते हुए भी प्रबंधन लोगों के घरों को खाली कराने पर तुला है, तो यह अमानवीय कृत्य है और इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त ने डोमगढ़ क्षेत्र का दौरा करने की सहमति दी है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख लोगों में दीपक कुमार दीपू, विदेशी सिंह, प्रकाश श्रीवास्तव, अनिल सिंह, सज्जू भाई, राजू मालाकार, राघव तिवारी, सुनील शर्मा, सपना देवी, संजू सिंह, गंगा देवी, करीमन पांडे और अजीत कश्यप सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
NEWSANP के लिए भोला बाउरी की रिपोर्ट

