गिरिडीह(GIRIDIH): डुमरी के डुमरी–फुसरो रोड स्थित घुटवाली इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने अधजला शव बरामद किया, जिसकी पहचान पूर्व गिरिडीह जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो के रूप में की गई है। मामला निमियाघाट थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश, सड़क जाम
घटना की खबर फैलते ही परिजनों और आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने डुमरी–फुसरो मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस जांच में जुटी, हत्या के कारण अज्ञात
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शुरुआती आशंका हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के प्रयास की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक रूप से कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात किया गया है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

