सिंदरी(SINDRI): डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सिंदरी, रंगामाटी, धनबाद में आज विद्यालय के प्राचार्य द्विवेन्दु त्रिपाठी के नेतृत्व में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के साथ पावन हवन–पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार एवं अनुशासन की भावना को सुदृढ़ करना था।
इस अवसर पर विद्यालय के अनेक अभिभावकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। हवन–पूजन में राकेश कुमार, जूली देवी, रोहित कुमार, नायक कृष्णा, हरे कृष्णा, टी.पी. डे, लक्ष्मी डे, ए.के. सिंह सहित अन्य अभिभावकों ने यज्ञ में आहुतियाँ अर्पित कीं।
कार्यक्रम में कक्षा VIII के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की। संस्कृत शिक्षक बृजकिशोर द्वीवेदी तथा प्रजेश चौबे के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ में भाग लिया, जिससे वातावरण भक्तिमय एवं अनुशासित बना रहा।
इस अवसर पर प्राचार्य द्विवेन्दु त्रिपाठी ने अपने कथन में कहा कि
“हवन–पूजन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। अभिभावकों की सहभागिता विद्यालय और परिवार के बीच सशक्त संबंध को दर्शाती है।”
वहीं अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा किए गए इस आध्यात्मिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि
“ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ संस्कारों को मजबूत करते हैं और हमें विद्यालय से भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी ने विद्यालय, विद्यार्थियों एवं समाज के कल्याण की कामना की।
NEWSANP के लिए भोला बाउरी की रिपोर्ट

