डिस्पैच सेंटर से ईवीएम जमा होने तक, पोलिंग पार्टी के साथ रहेंगे सेक्टर पदाधिकारी – उपायुक्त

डिस्पैच सेंटर से ईवीएम जमा होने तक, पोलिंग पार्टी के साथ रहेंगे सेक्टर पदाधिकारी – उपायुक्त

धनबाद(DHANBAD) जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में विधानसभा चुनाव 2024 को शांतिपूर्ण एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए रविवार को न्यू टाउन हॉल में सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी डिस्पैच सेंटर से लेकर, मतदान संपन्न होने के बाद, काउंटिंग सेंटर में ईवीएम जमा होने तक, पोलिंग पार्टी के साथ ही रहेंगे। किसी भी परिस्थिति में पोलिंग पार्टी बिना संरक्षण की नहीं रहनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी 19 नवंबर को सुबह 5:00 बजे अपने संबंधित डिस्पैच सेंटर में रिपोर्टिंग करेंगे। वहां से ईवीएम तथा अन्य सामग्री लेकर पोलिंग पार्टी को बूथों तक पहुंचाएंगे। जबकि रिजर्व ईवीएम इंटरमीडिएट स्ट्रांग रूम में रखेंगे।

सेक्टर पदाधिकारी अपने पास कंट्रोल रूम, निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, संबंधित थाना के फोन नंबर भी रखेंगे। मतदान के दिन लगातार अपने-अपने बूथों का भ्रमण करते रहेंगे। बूथ में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करेंगे।

उपायुक्त ने कहा कि मतदान को शांतिपूर्ण एवं निर्बाध रूप से संपन्न करना जिला प्रशासन का उद्देश्य है।

इसलिए सभी पदाधिकारी तत्परता से अपने दायित्व का निर्वहन करें। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 5:30 बजे मॉक पोल कराना तथा सुबह 7:00 बजे से वोटिंग शुरू कराना सुनिश्चित करें।

किसी मतदान केंद्र में ईवीएम में तकनिकी गड़बड़ी उत्पन्न होने पर तुरंत उसे रिप्लेस करें। रिप्लेसमेंट की रिपोर्ट निर्वाची पदाधिकारी को दें। साथ ही ईवीएम का नंबर कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं।

इसके अलावा उन्होंने सभी मतदान केंद्रों में एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी सुनिश्चित कराने, कतार मैनेजमेंट, मतदान केंद्रों में मतदान की गोपनीय बरतने, हर दो घंटे के अंतराल में मतदान प्रतिशत की सूचना देने, मोबाइल फोन लेकर किसी को बूथ में प्रवेश नहीं करने देने सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन ने सभी को समय पर मतदान केंद्रों में पहुंचने, वर्दी पहनकर मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि मतदान संपन्न होने के बाद सेक्टर पुलिस पदाधिकारी पोलिंग पार्टी के साथ मतदान केंद्र से ईवीएम लेकर, निर्धारित वाहन से, बिना बीच में रुके, निर्धारित रूट से, सीधे कृषि बाजार पहुंचेंगे।

उन्होंने ईवीएम को कड़ी सुरक्षा में रखने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को विभिन्न प्रपत्र भरने सहित अन्य बिंदुओं पर बारीकी से जानकारी दी गई।

बैठक में उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन, उप विकास आयुक्त श्री सादात अनवर, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजेश कुमार, अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, एडीएम सप्लाई श्री जियाउल अंसारी, एलआरडीसी श्री दिलीप कुमार महतो, अपर नगर आयुक्त श्री कमलेश्वर नारायण, डीएसपी श्री डी.एन. बंका, डीएसपी श्री सुमित कुमार के अलावा मास्टर ट्रेनर श्री दिलीप कुमार कर्ण, श्री राजकुमार वर्मा, श्री कुमार वंदन तथा सभी सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

NEWS ANP के लिये ब्यूरो रिपोर्ट..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *