लखनऊ(LUCKNOW): समाजवादी पार्टी की सांसद और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करने वाले मौलाना साजिद रशीदी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। संसद भवन में एनडीए के सांसदों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के अपमान का मुद्दा उठाया। वहीं लखनऊ में भी मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
भाजपा सहित एनडीए के सांसद सोमवार को एकत्र हुए और हाथों में तख्ती लिए रहे, जिस पर लिखा था- महिला सांसद का अपमान नहीं सहेंगे, महिला विरोधी मानसिकता नहीं सहेंगे। इसके साथ ही अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी निशाना साधा गया। एक तख्ती पर लिखा- बेशर्मी की कैसी चाल, पत्नी के अपमान पर भी नहीं सवाल। यह अखिलेश पर इनडायरेक्ट तंज कसते हुए निशाना साधा गया।
लखनऊ के विभूति खंड थाने में मौलाना रशीदी पर BNS की धारा 79, 196, 197, 299, 352, 353 और IT Act की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है। केस संख्या 290/25 के तहत यह मुकदमा दर्ज हुआ है। इस मामले में एफआईआर में दर्ज धाराएं महिलाओं के सम्मान और सार्वजनिक शांति से जुड़ी हुई हैं।
मौलाना साजिश रशीदी ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIIA) के अध्यक्ष हैं। वह अक्सर मीडिया डिबेट में भी शामिल होते रहते हैं। हाल ही में अखिलेश यादव सहित सपा के कई सांसद दिल्ली में एक मस्जिद में बैठे नजर आए थे। इसमें डिंपल यादव को लेकर मौलाना की टिप्पणी पर रार मची है।
मौलाना ने टीवी डिबेट में इसी बैठक की तस्वीरें दिखाते हुए डिंपल यादव के पहनावे पर कमेंट किया। मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि बैठक में दो महिलाएं बैठी हैं। एक इकरा हसन हैं जो सर ढक कर बैठी हैं। फिर उन्होंने डिंपल के पहनावे पर अनुचित टिप्पणी की, जिस पर विवाद मचा है।
NEWSANP के लिए लखनऊ से ब्यूरो रिपोर्ट

