एग्यारकुंड प्रखंड में मुखिया संघ की बैठक, डीएमएफटी बैठक के बहिष्कार का निर्णय
निरसा(NIRSA):निरसा क्षेत्र में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कनकनी वाली ठंड में जहाँ गरीब और असहाय लोग परेशान हैं, वहीं इस वर्ष सरकारी स्तर पर मिलने वाला कंबल अब तक वितरित नहीं किया गया है। इसके कारण जरूरतमंद लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।
इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को एग्यारकुंड प्रखंड में मुखिया संघ की बैठक संघ अध्यक्ष काकुली मुखर्जी के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी मुखिया एवं प्रतिनिधियों ने कंबल वितरण न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
मुखिया प्रतिनिधियों ने कहा कि पिछले वर्षों में दिसंबर माह में ही गरीबों को कंबल मिल जाया करता था, लेकिन इस बार अब तक वितरण नहीं होने से गरीबों की परेशानी बढ़ गई है। मुखिया संघ की अध्यक्ष काकुली मुखर्जी ने कहा कि जल्द ही वे बीडीओ से मिलकर कंबल वितरण की मांग करेंगी, ताकि प्रत्येक पंचायत में गरीबों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुखिया संघ ने आगामी 27 दिसंबर को आयोजित होने वाली डीएमएफटी (जिला मिनिरल फाउंडेशन ट्रस्ट) की बैठक का बहिष्कार करने का ऐलान किया।
संघ का कहना है कि ग्राम स्तर पर विकास योजनाओं का प्रस्ताव पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा भेजा जाता है, लेकिन डीएमएफटी फंड से होने वाले निर्माण कार्यों में मुखिया प्रतिनिधियों को न तो सूचना दी जाती है और न ही बुलाया जाता है, जो कि पंचायत प्रतिनिधियों की उपेक्षा है। इसी कारण संघ ने निर्णय लिया है कि कोई भी मुखिया या प्रतिनिधि धनबाद में होने वाली डीएमएफटी बैठक में भाग नहीं लेगा।
मुखिया संघ अध्यक्ष काकुली मुखर्जी ने डीएमएफटी के अधिकारियों पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया।
NEWSANP के निरसा से मनोज सिंह की रिपोर्ट

