झारखंड विधानसभा में विधायक राज सिन्हा का आक्रमक प्रहार: धनबाद की बेटियों के भविष्य और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा…

झारखंड विधानसभा में विधायक राज सिन्हा का आक्रमक प्रहार: धनबाद की बेटियों के भविष्य और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा…

धनबाद(DHANBAD): झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने आज विधानसभा सत्र के दौरान धनबाद से जुड़े अति महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को पूरे दमखम और आक्रमक तेवर के साथ सदन पटल पर रखा। उन्होंने धनबाद की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, तकनीकी शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए अविलंब ठोस कार्रवाई की मांग की।

महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना की जोरदार मांग
विधायक राज सिन्हा ने सदन में कहा कि धनबाद जैसे बड़े औद्योगिक एवं शैक्षणिक जिले में आज तक महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज का नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। धनबाद की छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के लिए रांची, बोकारो या अन्य जिलों में जाना पड़ता है, जिससे उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि धनबाद में महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना से बेटियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिलेगी, वे आत्मनिर्भर बनेंगी और जिले के समग्र विकास को गति मिलेगी।

एसएनएमएमसीएच की बदहाली पर सरकार को घेरा
राज सिन्हा ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार की घोर लापरवाही को उजागर करते हुए कहा कि एसएनएमएमसीएच धनबाद की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए बाहर रेफर किया जा रहा है। यह न केवल अमानवीय है बल्कि प्रशासनिक विफलता का बड़ा उदाहरण भी है। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट को अविलंब दुरुस्त करने, पर्याप्त संख्या में फ्लो मीटर की व्यवस्था करने और इसकी स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने की जोरदार मांग की।

चिकित्सकों की भारी कमी, मरीज बेहाल
उन्होंने कहा कि एसएनएमएमसीएच पर धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा सहित कई जिलों की आबादी निर्भर है, बावजूद इसके महिला चिकित्सकों सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। जितने पद स्वीकृत हैं, उसके अनुपात में चिकित्सकों की घोर कमी के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने सरकार से अविलंब डॉक्टरों की बहाली कर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग की।

जनहित से कोई समझौता नहीं: राज सिन्हा
विधायक राज सिन्हा ने दो टूक कहा कि धनबाद की जनता के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। चाहे बेटियों की शिक्षा हो या जनता का स्वास्थ्य — हर मोर्चे पर सरकार की जवाबदेही तय कराई जाएगी।झारखंड विधानसभा के सत्र के दौरान धनबाद विधायक श्री राज सिन्हा ने धनबाद मेडिकल कॉलेज में ₹167 करोड़ की लागत से निर्मित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की बदहाल स्थिति को लेकर सरकार का ध्यान गंभीरता से आकृष्ट कराया।

उन्होंने सदन को अवगत कराया कि अस्पताल में स्थापित एमआरआई, सीटी स्कैन, हार्ट-लंग मशीन, कैथलैब, एंडोस्कोपी, एक्स-रे एवं डायलिसिस जैसी अत्याधुनिक एवं महंगी चिकित्सा मशीनें बीते चार वर्षों से प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं तकनीकी कर्मियों के अभाव में अनुपयोगी पड़ी हैं। रखरखाव के अभाव में कई मशीनें खराब भी हो चुकी हैं, जिससे करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति नष्ट हो रही है।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि एक ओर सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर आधुनिक उपकरण खरीदे, वहीं दूसरी ओर उनके संचालन हेतु आवश्यक मानव संसाधन की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जो सरकार की घोर लापरवाही और स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति उदासीनता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि इसके कारण गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों एवं जांच केंद्रों पर महंगी जांच करानी पड़ रही है, जिससे उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

राज सिन्हा ने सरकार से मांग की कि अविलंब प्रशिक्षित चिकित्सकों, टेक्नीशियनों एवं अन्य आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति कर सभी मशीनों को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि धनबाद समेत आसपास के जिलों की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *