धनबाद(DHANBAD): झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने आज विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से धनबाद सहित पूरे राज्य से जुड़े कई गंभीर एवं जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।
विधायक सिन्हा ने धनबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मोहलबनी मुक्तिधाम स्थित विद्युत शवदाह गृह, जो लगभग 56 लाख रुपये की लागत से निर्मित है, के बंद पड़े होने का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि मात्र 65 हजार रुपये के क्वायल के जल जाने के कारण यह शवदाह गृह लंबे समय से बंद है, जिससे आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने मटकुरिया स्थित विद्युत शवदाह गृह का मामला भी उठाया, जहां संवेदक द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व अधूरा निर्माण छोड़ दिए जाने के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धनबाद को हरित राहत देने हेतु नगर वन के रूप में प्रस्तावित “दामोदरपुर अर्बन फॉरेस्ट” परियोजना के विगत पांच वर्षों से अधूरे पड़े रहने पर भी विधायक सिन्हा ने सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि फंड की कमी, प्रशासनिक देरी एवं धीमी कार्यप्रणाली के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना अब तक पूर्ण नहीं हो सकी है। जबकि इसमें अब तक 31.5 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं और अतिरिक्त 50 लाख रुपये की मांग के लिए जिला मुख्यालय से राज्य मुख्यालय तक निरंतर पत्राचार होने के बावजूद अब तक राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे निर्माण लागत लगातार बढ़ती जा रही है।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद जिले के लगभग 2450 स्कूलों सहित राज्य के करीब 45,000 स्कूलों में अब तक नल से जल की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। साथ ही उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में महिलाओं एवं छात्राओं के लिए निर्माणाधीन शौचालयों की स्थिति अत्यंत दयनीय है तथा लगभग 50 प्रतिशत स्कूलों में अब तक रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था नहीं की गई है।
उन्होंने यह भी प्रश्न उठाया कि धनबाद के लगभग 506 स्कूलों सहित राज्य के 13,000 से अधिक स्कूलों में दिव्यांग बच्चों के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त विधायक सिन्हा ने धनबाद के सरकारी अस्पताल के शिशु विभाग में बेबी वार्मर उपकरणों की जर्जर स्थिति एवं कम उपलब्धता के कारण नवजात शिशुओं के उपचार पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को भी गंभीरता से उठाया।
विधायक राज सिन्हा ने सरकार से इन सभी गंभीर जनमुद्दों पर शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि धनबाद सहित पूरे राज्य की जनता को राहत मिल सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

