झारखंड में भारी बारिश से तबाही, 14 जिलों में हालात खराब…

झारखंड में भारी बारिश से तबाही, 14 जिलों में हालात खराब…

राँची(RANCHI) : झारखंड में बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने 14 जिलों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सबसे ज्यादा असर राजधानी रांची में देखा जा रहा है, जहां निचले इलाकों में पानी भर जाने से यातायात ठप हो गया है और लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। रांची के कई घरों में बारिश का पानी घुस गया है, जिससे लोगों को रात गुजारना भी मुश्किल हो गया है। शहर के नदी-नाले, डैम और अन्य जल स्रोत पूरा भर चुके हैं। राज्य के कई इलाकों में पुल-पुलिया और डायवर्सन बह गए हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

बारिश का असर खेती-बारी पर भी भारी पड़ा है। खेतों में पानी भर जाने से किसान न तो बिचड़े (धान की नर्सरी) लगा पा रहे हैं और न ही खेत की जुताई कर पा रहे हैं। कई जगहों पर सब्जियों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे बाजार में सब्जियों की कीमतों में तेज़ी से बढ़ोतरी हो रही है। प्रशासन की ओर से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है, लेकिन फिलहाल राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।

इन जिलों में भारी बारिश से जन जीवन प्रभावित
राज्य के जिन 14 जिलों में भारी बारिश से जन-जीवन प्रभावित हुआ है उनमें रांची में सबसे अधिक 253.2 के मुकाबले 648.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं अन्य 12 जिलों में पूर्वी सिंहभूम 296.7 की तुलना में 694.6, पश्चिमी सिंहभूम 252.2 के तुलना में 463.9, सिमडेगा में 300.3 की तुलना में 567.9, सरायकेला-खरसावां में 260 के मुकाबले 582.1, रामगढ में 247.3 के मुकाबले 566.1, पलामू में 165.3 के मुकाबले 345.4, लोहरदगा में 244.4 के मुकाबले 431.1, लातेहार में 230.7 592.6, खूंटी में 261.1 की तुलना में 464.7, गुमला में 257.9 की तुलना में 399.5, धनबाद में 269.8 की तुलना में 421.4, चतरा में 216 के मुकाबले 413.7 और बोकारो जिले में 217.2 के मुकाबले 342.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इधर, सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से झमाझम बारिश हुई। बारिश से लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हुई। बच्चों को भी स्कूल जाने में दिक्कत हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश लातेहार जिले के चंदवा में 90.2, मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.2, जमशेदपुर में 30, डालटेनगंज में 31.8, बोकारो में 31.1 और चाईबासा में तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *