राँची(RANCHI): झारखंड में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम केंद्र रांची के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 7 मार्च से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 मार्च को दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी जिलों में आंशिक बादल छाने के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 9 मार्च को उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में भी मौसम बदल सकता है। इस दिन गरज के साथ ठनका की भी आशंका जताई गई है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इधर तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रांची में अधिकतम तापमान 30.4°C, जमशेदपुर में 34.6°C और डालटनगंज में 33.7°C रिकॉर्ड किया गया। बोकारो में पारा 35.1°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5.5 डिग्री ज्यादा है। राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 36°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 14.5°C रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

