झारखंड(JHARKHAND): झारखंडवासियों को सोमवार को ठंड से थोड़ी राहत मिलने के बाद मंगलवार की सुबह एक बार फिर कई जिलों में कोहरा देखने को मिला। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने राज्य के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में शीतलहर की संभावना जताई है। सोमवार को धूप निकलने से तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन अब पारा फिर से गिरने के आसार हैं।
मंगलवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और कड़ाके की ठंड के कारण लोगों को कंपकंपाते हुए देखा गया। हालांकि, दिन में धूप खिलने की संभावना है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन कई जिलों में धूप के बावजूद ठंड का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
ठंड बढ़ने के कारण लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। सुबह के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है और लोग ठंड से बचने के लिए रजाइयों में दुबके नजर आ रहे हैं।
इन जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, बोकारो और रामगढ़ जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मकर संक्रांति पर भी नहीं मिलेगी राहत
आईएमडी रांची की रिपोर्ट के मुताबिक, 14 जनवरी 2024 को मकर संक्रांति के दिन भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, बोकारो, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी और रांची जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

