धनबाद(DHANBAD): मार्च के आखिरी दिन गर्मी भी सता रही थी। धनबाद में 38 डिग्री अधिकतम तापमान में ही लू का असर देखने को मिला। दिनभर तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। गर्मी का असर कम करने के लिए दो अप्रैल से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल जाएगा। राज्य के कई इलाकों में बादल छाएंगे और बारिश होगी।
मार्च के महीने में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती गई। तापमान 40 डिग्री के पार तक पहुंची। सोमवार को ईद मनाने वालों को गर्मी ने परेशान किया। सुबह सात बजे से ही तेज धूप ने गर्मी का एहसास कराया। दिनभर गर्म हवाओं का दौर चलता रहा। गर्म हवाओं ने चेहरे को झुलसा दिया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 2 से 4 अप्रैल तक झारखंड में बारिश होने की संभावना है। बारिश होने पर धनबाद का अधिकतम तापमान चार डिग्री नीचे गिरकर 34-35 डिग्री तक जाएगा। अप्रैल के पहले हफ्ते तक अब गर्मी से राहत की उम्मीद है। उसके बाद धीरे-धीरे गर्मी की रफ्तार बढ़ेगी और यह 40 डिग्री से भी ऊपर जाएगा। मौसम विभाग ने अप्रैल महीने में भयंकर गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है।
शर्बत-कोल्ड ड्रिंक्स और नारियल पानी की बढ़ी मांग
गर्मी आते ही इससे राहत वाले सामान की बिक्री बढ़ गई है। बाजार में सड़कों के किनारे बिकने वाले शरबत, जूस, नारियल पानी, कोल्ड ड्रिंक्स की दुकानों में भीड़ बढ़ने लगी है। जगह-जगह ठेले पर सत्तू का शर्बत भी बिकने लगा है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी ठंडे पेय की दुकानें बढ़ जाएंगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

