धनबाद(DHANBAD ): झारखंड बार काउंसिल चुनाव को लेकर धनबाद से अधिवक्ताओं का उत्साह देखने को मिला। मंगलवार को धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं की एक रैली धनबाद से रांची के लिए रवाना हुई। यह रैली रांची स्थित झारखंड बार काउंसिल कार्यालय पहुंचेगी, जहां धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी और महासचिव जितेंद्र कुमार अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
इस अवसर पर धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने कहा कि धनबाद के अधिवक्ताओं ने उन्हें एक बार फिर भरोसा और अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं की लंबे समय से कई महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं, जिनमें अधिवक्ता कॉलोनी का निर्माण, अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम (एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट) लागू करना और अधिवक्ताओं के लिए पेंशन व्यवस्था प्रमुख है। इन्हीं मुद्दों को लेकर वे झारखंड बार काउंसिल चुनाव में उतर रहे हैं, ताकि पूरे राज्य के अधिवक्ताओं के हित में प्रभावी ढंग से काम किया जा सके।
वहीं महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि झारखंड बार काउंसिल एक संवैधानिक संस्था है, लेकिन वर्तमान में वहां चयनित प्रतिनिधि अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रतिनिधि सिर्फ बाहरी दौरों में व्यस्त रहते हैं, जबकि अधिवक्ताओं की मूल समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। अधिवक्ताओं के अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए ही वे बार काउंसिल चुनाव में नामांकन कर रहे हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

