रांची(RANCHI): झारखंड में जल्द ही एक नया सैनिक स्कूल खुलने की उम्मीद है। मुख्य सचिव अलका तिवारी ने स्कूली शिक्षा सचिव को इसके लिए पहल करने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को उन्होंने सैनिक स्कूल तिलैया से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और जरूरतों पर अहम बैठक की अध्यक्षता की। राज्य में एकमात्र सैनिक स्कूल तिलैया में फिलहाल 875 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, जो देश के किसी भी सैनिक स्कूल में सर्वाधिक है। ऐसे में झारखंड को दूसरे सैनिक स्कूल की आवश्यकता बताई गई।
तिलैया में 9.49 करोड़ से बहाल होगी जलापूर्ति योजना
बैठक में बताया गया कि सैनिक स्कूल, तिलैया में 9.49 करोड़ रुपये की लागत से नई जलापूर्ति योजना शुरू की जा रही है, जिसकी तकनीकी मंज़ूरी मिल चुकी है। साथ ही, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, स्टाफ क्वार्टरों का रख-रखाव, और पेंशन-एनपीएस जैसी सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं।
अब छात्रों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच कोडरमा में
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि अब सैनिक स्कूल तिलैया के छात्रों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच कोडरमा में ही कराई जाये। पहले इसके लिए छात्रों को हजारीबाग जाना पड़ता था, जिससे परेशानी होती थी। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रधान सचिव मस्तराम मीणा, स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, व अन्य अधिकारी और सैनिक स्कूल तिलैया के प्रतिनिधि मौजूद थे।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

