झारखंड(JHARKHAND): चतरा में हुए विमान हादसे में जान गंवाने वाले चंदवा निवासी संजय प्रसाद की मौत की बड़ी दर्दनाक कहानी है। कुछ दिन पहले उनके होटल में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, इस हादसे में उनका होटल तो जला ही, सजय भी लगभग 65 प्रतिशत झुलस गए थे।
इसके बाद एयर एम्बुलेंस से उन्हें दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। इस दोहरी त्रासदी ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
सतबरवा निवासी प्रकाश कुमार उर्फ ददन ने बताया कि इस घटना से इलाके में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
संजय कुमार के परिवार ने उनके इलाज के लिए लाखों रुपये उधार लिए थे और उसी पैसे से एयर एम्बुलेंस बुक की थी। परिवार चाहता था कि उनका इलाज दिल्ली के बड़े अस्पताल में हो, लेकिन उनको क्या पता था कि एक जिंदगी बचाने की यह यात्रा सात लोगों की मौत में तब्दील हो जाएगी।
संजय की हालत सड़क मार्ग से यात्रा करने लायक नहीं थी, इसलिए उनके परिवार ने रिश्तेदारों से संपर्क किया और एयर एम्बुलेंस के लिए 7.5 लाख रुपये उधार लिए। दिल्ली में उनके इलाज के लिए भी कुछ पैसे अलग रखे गए थे।
संजय के बड़े भाई विजय शॉ उन्हें रांची हवाई अड्डे पर छोड़ने गए थे। उन्होंने कहा, “हम अभी घर पहुंचे ही थे कि टीवी समाचारों से हमें दुर्घटना की खबर मिली। पल भर में सब कुछ खत्म हो गया।”
परिवार ने बताया कि इस दुर्घटना में संजय और उनकी पत्नी अर्चना दोनों की मृत्यु हो गई और उनके दो बच्चे अनाथ हो गए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर रांची में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं होतीं, तो संजय को एयरलिफ्ट करने की जरूरत ही नहीं पड़ती।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

