
झरिया(JHARIYA): धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर पद के प्रत्याशी व झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने रविवार को झरिया क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने हेटलीबांध, धर्मशाला रोड, लक्ष्मीनियां मोड़, कोयरीबांध सहित कई इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों व परिचितों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना।
जनसंपर्क अभियान के क्रम में पूर्व विधायक कोयरीबांध टीना गोदाम स्थित मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व अध्यक्ष एवं बालिका विद्या मंदिर के सचिव गणेश अग्रवाल के आवास पहुंचे। यहां विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
संजीव सिंह ने अनिल सिंह, मनोज सिंह, शैलेष सिंह सहित कई स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और जन अपेक्षाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से संवाद करते हुए नगर के समग्र विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए प्रतिबद्धता जताई।
अभियान में महंत पांडेय, रंजीत रवानी, सौरभ शर्मा समेत कई समर्थक मौजूद रहे, जिनके साथ पूर्व विधायक ने क्षेत्र के लोगों से समर्थन और आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
NEWSANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

