झरिया में गैस एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, सुबह से लगी लंबी कतारें…

झरिया में गैस एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, सुबह से लगी लंबी कतारें…

झरिया (JHARIYA): झरिया और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखा जा रहा है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध की खबरों के बीच लोगों में गैस आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी आशंका के कारण बड़ी संख्या में लोग पहले से ही गैस सिलेंडर भरवाने और स्टॉक करने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं।

पिछले चार दिनों से शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। झरिया स्थित चौधरी गैस एजेंसी और देविका गैस एजेंसी के प्रांगण में अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गैस सिलेंडर को लेकर क्षेत्र में फैली अफवाह के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पहुंच गए और सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइन में खड़े हो गए।

अचानक बढ़ी भीड़ के कारण गैस एजेंसी के कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एजेंसी परिसर में लोगों की भीड़ लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस संबंध में गैस एजेंसी के प्रबंधक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि एजेंसी में गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी तरह की कमी नहीं है, लेकिन क्षेत्र में फैली अफवाह के कारण लोग एक साथ एजेंसी पहुंच गए, जिससे भीड़ की स्थिति बन गई।

गैस लेने पहुंचे कई लोगों का कहना है कि इलाके में यह चर्चा फैल गई है कि आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर मिलना बंद हो सकता है। इसी आशंका के चलते लोग पहले ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं।

वहीं, गैस लेने पहुंचे उपभोक्ता पवन अग्रवाल ने कुछ जगहों पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर, जिसकी कीमत करीब 970 रुपये है, उसे 200 रुपये तक अधिक दाम में बेचे जाने की शिकायतें मिल रही हैं।

इधर एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर लें, ताकि अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति से बचा जा सके।

NEWSANP के लिए कुँवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *