झरिया के धर्मनगर में जमीन व घरों में दरार, मेयर–विधायक ने लिया जायजा, प्रभावित परिवारों को बेलगढ़िया शिफ्ट करने की तैयारी…

झरिया के धर्मनगर में जमीन व घरों में दरार, मेयर–विधायक ने लिया जायजा, प्रभावित परिवारों को बेलगढ़िया शिफ्ट करने की तैयारी…

झरिया/धनबाद: झरिया के चौथाई कुल्ही स्थित धनबाद–सिंदरी मुख्य मार्ग के समीप धर्मनगर क्षेत्र में अचानक घरों और जमीन में दरार पड़ने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह, विधायक रागिनी सिंह, झरिया सीओ एवं बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और हालात की जानकारी ली। मौके पर पीड़ित परिवारों में प्रशासन और प्रबंधन के प्रति नाराजगी भी देखी गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में करीब 10 घर प्रभावित हुए हैं, जिससे कई परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।

निरीक्षण के दौरान मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह ने बीसीसीएल अधिकारियों के साथ वार्ता कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि प्रभावित परिवारों को बेलगढ़िया में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जाएगा।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व में खनन क्षेत्र रहा है और यहां के लोग करीब 50 वर्षों से निवास कर रहे हैं। पुराने खनन क्षेत्र की खोखली जमीन के कारण इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है।

वहीं विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि बरसात से पहले ही बीसीसीएल को खतरनाक क्षेत्र में रह रहे परिवारों की पहचान कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थान पर बसाने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई बड़ी घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी बीसीसीएल और जिला प्रशासन की होगी।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *